/financial-express-hindi/media/media_files/2024/11/30/6pTa15J1k4WAufopPMbz.jpg)
Best FD Rates: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने 15 दिसंबर 2025 से फिक्स्ड डिपॉजिट की ब्याज दरों में बदलाव किया है. (FE File)
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने 15 दिसंबर 2025 से फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की ब्याज दरों में बदलाव किया है. इस बदलाव के तहत बैंक ने कुछ चुनिंदा अवधियों की FD पर मिलने वाला ब्याज घटा दिया है. इसमें 2 से 3 साल की FD और बैंक की खास ‘अमृत वृष्टि’ स्कीम भी शामिल है. यह फैसला ऐसे समय आया है, जब बीते एक साल में RBI के रेपो रेट में लगातार कटौती हुई है और उसका असर FD रिटर्न पर साफ दिखने लगा है.
पिछले एक साल में RBI ने रेपो रेट में कुल 1.25% (125 बेसिस प्वाइंट) की कटौती की है. रेपो रेट वह ब्याज दर होती है, जिस पर RBI बैंकों को कर्ज देता है. जब यह दर घटती है, तो बैंकों को सस्ता फंड मिलता है. इसका असर पहले लोन की दरों पर और फिर डिपॉजिट यानी FD की ब्याज दरों पर पड़ता है. यही वजह है कि अब FD पर मिलने वाला रिटर्न भी धीरे-धीरे कम हो रहा है.
किन FD पर ब्याज घटाया गया
SBI ने 2 साल से कम 3 साल की FD पर ब्याज दर में 5 बेसिस प्वाइंट की कटौती की है.
सामान्य ग्राहकों के लिए ब्याज दर 6.45% से घटाकर 6.40% कर दी गई है.
सीनियर सिटीज़न्स के लिए यह दर 6.95% से घटकर 6.90% हो गई है.
हालांकि राहत की बात यह है कि 1 साल से कम 2 साल, 3 से 5 साल और 5 से 10 साल की FD दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
15 दिसंबर से लागू होगी नई एफडी रेट
| टेन्योर | मौजूदा एफडी रेट | नई एफडी रेट (15 दिसंबर से लागू) | मौजूदा सीनियर सिटिजन एफडी रेट | नई सीनियर सिटिजन एफडी रेट (15 दिसंबर से लागू) |
| 7 days to 45 days | 3.05 | 3.05 | 3.55 | 3.55 |
| 46 days to 179 days | 4.90 | 4.90 | 5.40 | 5.40 |
| 180 days to 210 days | 5.65 | 5.65 | 6.15 | 6.15 |
| 211 days to less than 1 year | 5.90 | 5.90 | 6.40 | 6.40 |
| 1 Year to less than 2 years | 6.25 | 6.25 | 6.75 | 6.75 |
| 2 years to less than 3 years | 6.45 | 6.40 | 6.95 | 6.90 |
| 3 years to less than 5 years | 6.30 | 6.30 | 6.80 | 6.80 |
| 5 years and up to 10 years | 6.05 | 6.05 | 7.05 | 7.05 |
‘अमृत वृष्टि’ FD स्कीम पर भी असर
SBI की खास ‘अमृत वृष्टि’ FD स्कीम (444 दिन) पर भी ब्याज घटाया गया है.
15 दिसंबर 2025 से ब्याज दर 6.60% से घटाकर 6.45% कर दी गई है.
सीनियर और सुपर सीनियर सिटीज़न्स को इस स्कीम में भी उम्र के हिसाब से अतिरिक्त ब्याज का लाभ मिलता रहेगा.
हालांकि, यह अतिरिक्त फायदा हर स्कीम पर लागू नहीं होता. रिकरिंग डिपॉजिट, ग्रीन रुपी टर्म डिपॉजिट, टैक्स सेविंग FD, MODS, कैपगेन और नॉन-कॉलेबल FD में यह लाभ नहीं मिलेगा.
सीनियर और सुपर सीनियर सिटीज़न्स को क्या अतिरिक्त फायदा
SBI की ‘We-Care’ स्कीम के तहत सीनियर सिटीज़न्स को सामान्य FD दर से 0.50% (50 बेसिस प्वाइंट) ज्यादा ब्याज मिलता है. वहीं, 80 साल या उससे अधिक उम्र के सुपर सीनियर सिटीज़न्स को सीनियर सिटीज़न दर के ऊपर अतिरिक्त 0.10% (10 बेसिस प्वाइंट) का फायदा दिया जाता है.
FD की ब्याज दरें क्यों घट रही हैं
पिछले एक साल में फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FD की ब्याज दरों में कमी आई है. इसकी मुख्य वजह भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा रेपो रेट में लगातार कटौती है. RBI ने चार मौद्रिक नीति बैठकों में कुल 1.25 प्रतिशत की कमी की है. रेपो रेट वह दर होती है, जिस पर RBI बैंकों को कर्ज देता है.
जब रेपो रेट घटता है, तो बैंकों को सस्ते दर पर पैसा मिलने लगता है. इसका असर यह होता है कि बैंक लोन की ब्याज दरें घटाते हैं और साथ ही FD जैसी जमा योजनाओं पर मिलने वाला ब्याज भी कम कर देते हैं.
गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनियां भी ब्याज दरों के इसी चक्र के अनुसार अपनी डिपॉजिट दरें तय करती हैं. हालांकि निवेशकों को आकर्षित करने के लिए उनकी दरें कई बार बैंकों से थोड़ी ज्यादा हो सकती हैं.
क्या बैंक FD अब भी सुरक्षित हैं
ब्याज दरें घटने के बावजूद बैंक FD आज भी सबसे सुरक्षित निवेश विकल्पों में मानी जाती हैं, खासकर उन लोगों के लिए जो जोखिम से बचना चाहते हैं, जैसे वरिष्ठ नागरिक और रिटायर्ड लोग. अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों में जमा राशि पर डिपॉजिट इंश्योरेंस एंड क्रेडिट गारंटी कॉरपोरेशन के तहत सुरक्षा मिलती है. इसके अंतर्गत प्रति जमाकर्ता प्रति बैंक 5 लाख रुपये तक की राशि, मूलधन और ब्याज समेत, सुरक्षित रहती है.
जो निवेशक पूंजी की सुरक्षा, तय रिटर्न और जरूरत पड़ने पर आसानी से पैसे निकालने की सुविधा चाहते हैं, उनके लिए बैंक FD आज भी एक भरोसेमंद निवेश विकल्प बनी हुई है. खासकर SBI जैसे बड़े सरकारी बैंकों की FD को कम जोखिम और स्थिर रिटर्न के कारण सुरक्षित माना जाता है.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us