/financial-express-hindi/media/media_files/2025/07/01/sgb-sovereign-gold-bond-high-return-ai-chatgpg-2025-07-01-16-01-59.jpg)
SGB 2020-21 Series-II पर निवेशकों को मिला 171% रिटर्न, कैसे तय होती है रिडेम्पशन प्राइस? (AI Generated Image)
SGB Premature Redemption High Returns: सोने में निवेश करने वालों के लिए आज का दिन काफी खास है. अगर आपने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड के 2020-21 Series-II में निवेश किया था, तो बुधवार को इसके प्री-मेच्योर रिडेम्पशन डेट (premature redemption date) यानी मैच्योरिटी से पहले पैसे निकालने की तारीख है. खास बात यह है कि अभी पैसे निकालने वालों को अपने निवेश पर करीब 171% का जबरदस्त रिटर्न मिल रहा है. मतलब, जिस कीमत पर आपने सोना खरीदा था, वह अब तीन गुना तक पहुंच चुका है.
SGB 2020-21 Series-II की इश्यू प्राइस
जिस SGB का बुधवार को प्री-मेच्योर रिडेम्प्शन है, उसे 18 नवंबर 2020 को जारी किया गया था. उस समय ऑफलाइन निवेश करने वालों के लिए कीमत 4,590 रुपये प्रति ग्राम तय की गई थी. जिन लोगों ने ऑनलाइन खरीदा था और डिजिटल मोड से भुगतान किया था, उन्हें 50 रुपये प्रति ग्राम की छूट मिली थी. इस तरह ऑनलाइन निवेशकों के लिए इश्यू प्राइस 4,540 रुपये प्रति ग्राम रही थी.
Also read : Income Tax Planning : सीनियर सिटिजन कैसे कर सकते हैं मैक्सिमम टैक्स सेविंग? बहुत काम आएंगे ये टिप्स
SGB प्री-मेच्योर रिडेम्पशन कितनी है?
RBI ने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (Sovereign Gold Bond) की इस सीरीज के लिए प्रीमैच्योर रिडेम्पशन प्राइस (SGB Premature Redemption Price) 12,330 रुपये प्रति यूनिट तय की है. यह कीमत पिछले तीन कारोबारी दिनों - यानी 14 नवंबर, 17 नवंबर और 18 नवंबर 2025 को सोने के बंद भाव का औसत निकालकर तय की गई है.
SGB पर कितना रिटर्न मिला?
अगर आपने यह बॉन्ड 4,540 रुपये प्रति ग्राम की कीमत पर खरीदा था, तो अब आपको एक यूनिट पर 12,330 रुपये मिल रहे हैं. यानी कुल 7,790 रुपये का सीधा फायदा, जिसमें ब्याज शामिल नहीं है. प्रतिशत में देखें तो यह 171.5% की शानदार ग्रोथ है.
ध्यान रहे कि SGB पर आपको 2.5% सालाना ब्याज भी मिलता है, जो हर छह महीने में आपके बैंक खाते में आता है. मैच्योरिटी पर आपका आखिरी ब्याज भी मूलधन के साथ जारी कर दिया जाता है.
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड के फायदे
SGB एक तरह से सोना खरीदने का सबसे सुरक्षित विकल्प माना जाता है. इसमें आपको स्टोरेज की चिंता नहीं होती, चोरी का डर नहीं होता और purity की परेशानी भी नहीं. इसके अलावा आपको सोने की कीमत बढ़ने का फायदा तो मिलता ही है, ऊपर से 2.5% सालाना ब्याज भी मिल जाता है.
मैच्योरिटी पीरियड 8 साल का होता है, लेकिन आप 5 साल बाद इसे प्रीमैच्योर रिडीम कर सकते हैं. SGB ट्रेडेबल भी हैं और इन्हें आप लोन के लिए कोलेटरल के रूप में भी उपयोग कर सकते हैं.
SGB कैसे खरीदा जाता है?
SGB ग्राम में जारी किए जाते हैं और इनकी कीमत .999 प्योरिटी वाले सोने की पिछले तीन कारोबारी दिनों की औसत कीमत पर तय होती है. जब भी RBI नई सीरीज जारी करता है, उसकी कीमत दो दिन पहले RBI की वेबसाइट पर डाल दी जाती है.
SGB में कौन निवेश कर सकता है?
FEMA Act, 1999 के अनुसार भारत में रहने वाला कोई भी निवेशक SGB खरीद सकता है. इनमें व्यक्तियों (Individual) के अलावा हिंदू अविभाजित परिवार (HUF), ट्रस्ट, यूनिवर्सिटी और चैरिटेबल संस्थाएं भी शामिल हैं. अगर कोई व्यक्ति भारत से बाहर भी चला जाए, तो वह बॉन्ड को मैच्योरिटी या प्रीमैच्योर रिडेम्पशन तक रख सकता है.
SGB रिडेम्पशन के नियम क्या हैं? (SGB Redemption Rules)
जब आपका SGB मैच्योर होता है, तो आपको उतने ग्राम सोने की कीमत के बराबर रुपये मिलते हैं, जो गोल्ड के पिछले तीन कारोबारी दिनों के औसत बंद भाव पर आधारित होता है. आपके बैंक खाते में सीधे पैसे भेज दिए जाते हैं. ब्याज भी हर बार आपके बैंक अकाउंट में क्रेडिट किया जाता है. SGB 2020-21 Series-II का रिटर्न इस बात का सबूत है कि लंबे समय में यह कितना बेहतरीन प्रदर्शन कर सकता है. हालांकि RBI ने लंबे अरसे से SGB की नई सीरीज जारी नहीं की है, जिससे नए निवेशकों को इसमें पैसे लगाने का मौका नहीं मिल पा रहा है.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us