/financial-express-hindi/media/media_files/2025/10/25/silver-price-trend-ai-image-by-gemini-2025-10-25-12-08-12.jpg)
Silver Price Targets : ऊपर की ओर देखें तो 3,00,000 रुपये का स्तर मजबूत रेजिस्टेंस है, जहां मुनाफावसूली बढ़ सकती है. (AI Image)
Silver Price Forecast 2026, Key Levels, Risks and Investment Strategy : 2025 में चांदी की कीमतों ने ऐतिहासिक तेजी दिखाई. साल की शुरुआत में चांदी करीब 87,300 रुपये प्रति किलो थी, जो साल के अंत में MCX पर बढ़कर 2,54,174 रुपये के उच्च स्तर तक पहुंच गई. यानी इसमें 180% से ज्यादा की बढ़त देखने को मिली. यह तेजी 1979 के बाद सबसे मजबूत सिल्वर रैलियों में से एक मानी जा रही है.
इस उछाल के पीछे कई कारण एक साथ काम कर रहे थे, जैसे - दुनिया भर में बढ़ता भू-राजनीतिक तनाव, डॉलर से दूरी बनाने की कोशिशें, मंदी की आशंका, ETF में भारी निवेश और वैश्विक स्तर पर चांदी की सप्लाई का लगातार तंग रहना. इन सभी कारणों ने मिलकर चांदी की कीमतों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया.
2026 में ये 10 स्टॉक दे सकते हैं 50% तक रिटर्न, लेकिन निवेश में इन बातों का रखें ध्यान
सोने के मुकाबले डुबल आइडेंटिटी
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया का कहना है कि सोने के मुकाबले चांदी की एक डुबल आइडेंटिटी यानी दोहरी पहचान है. यह न सिर्फ कीमती धातु है, बल्कि एक इंडस्ट्रियल मेटल भी है. हाल के समय में यह फर्क और ज्यादा अहम हो गया है. अब दुनिया भर में चांदी की कुल खपत का करीब 56% हिस्सा इंडस्ट्रियल इस्तेमाल से आता है. सिर्फ सोलर पावर सेक्टर ने ही 2025 में 240 मिलियन औंस से ज्यादा चांदी की खपत की.
दुनिया भर में तेजी से बढ़ रही सोलर क्षमता, इलेक्ट्रिफिकेशन पर जोर और इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की बढ़ती मांग ने चांदी की डिमांड को स्थायी रूप से ऊंचे स्तर पर पहुंचा दिया है. दूसरी ओर, चांदी का उत्पादन लगभग 810–820 मिलियन औंस के आसपास ही बना हुआ है. इसमें से करीब 72% चांदी बेस मेटल माइनिंग का बाय-प्रोडक्ट होती है, जिससे सप्लाई को तेजी से बढ़ाना मुश्किल हो जाता है.
गोल्ड-सिल्वर रेश्यो : निवेशकों की दिलचस्पी
निवेशकों की मजबूत दिलचस्पी ने भी चांदी की तेजी को और हवा दी. 2025 की पहली छमाही में सिल्वर ETF में करीब 95 मिलियन औंस का शुद्ध निवेश आया, जिससे कुल होल्डिंग बढ़कर 1.13 बिलियन औंस से ज्यादा हो गई. इसी दौरान गोल्ड-सिल्वर रेश्यो 90 से ऊपर के स्तर से गिरकर करीब 64 पर आ गया, जिससे चांदी ने सोने के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया.
इसके अलावा, वैश्विक आर्थिक माहौल ने भी चांदी को सपोर्ट दिया. अमेरिका में तीन बार ब्याज दरों में कटौती होने से रियल यील्ड घटी, जबकि यूएस डॉलर इंडेक्स में सालाना करीब 10% की गिरावट से गैर डॉलर देशों के निवेशकों के लिए चांदी खरीदना और सस्ता हो गया.
सिल्वर आउटलुक : इस साल 3 लाख का लेवल होगा ब्रेक
अजय केडिया का कहना है कि हालांकि लंबे समय के लिए चांदी का आउटलुक पॉजिटिव बना हुआ है, लेकिन 2025 जैसी जबरदस्त तेजी 2026 में दोहराए जाने की संभावना कम है. हिस्ट्री देखें तो कीमती धातुओं में बहुत तेज उछाल के बाद या तो कीमतों में सुधार (करेक्शन) आता है या फिर लंबे समय तक कंसोलिडेशन देखने को मिलता है. जैसे-जैसे सट्टेबाजी कम होगी और FOMO के चलते की गई खरीदारी ठंडी पड़ेगी, चांदी में गिरावट का दौर आ सकता है.
अगर चांदी की कीमत 1,50,000 रुपये (लगभग 45 डॉलर) के आसपास आती है, तो यह एक मजबूत सपोर्ट बन सकता है और लंबी अवधि के निवेशकों के लिए बेहतर मौका दे सकता है. सोलर, इलेक्ट्रिक वाहन (EV) और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर से आने वाली इंडस्ट्रियल डिमांड मजबूत बनी हुई है. साथ ही, केंद्रीय बैंकों का विविधीकरण और 2026 तक ब्याज दरों में और ढील की उम्मीदें भी बाजार को सहारा देती रहेंगी.
वहीं ऊपर की ओर देखें तो 3,00,000 रुपये (लगभग 90 डॉलर) का स्तर मजबूत रेजिस्टेंस माना जा रहा है, जहां मुनाफावसूली और उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है. इसलिए 2026 को चांदी के लिए तेज भागने वाले साल की बजाय कंसोलिडेशन का साल मानकर चलना ज्यादा सही रहेगा.
Large Cap vs Mid Cap vs Small Cap vs Gold : स्मार्ट निवेशकों को 2026 में कहां लगाना चाहिए कितना पैसा
इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजी से जुड़ी खास बातें
अजय केडिया के अनुसार चांदी के लंबी अवधि के फंडामेंटल मजबूत और पॉजिटिव बने हुए हैं, लेकिन ट्रेडर्स और निवेशकों को जल्दबाजी में ऊंचे दामों पर खरीदारी करने से बचना चाहिए. FOMO (छूट जाने के डर) में कीमतों के पीछे भागना नुकसानदायक हो सकता है.
कीमतों में आने वाली गिरावट और कंसोलिडेशन को रणनीतिक रूप से दोबारा निवेश करने का अच्छा मौका माना जाना चाहिए. अनुशासन, धैर्य और मजबूत सपोर्ट लेवल के पास धीरे-धीरे फेजवाइज खरीदारी करना, आने वाले साल में सिर्फ तेजी के पीछे भागने की तुलना में बेहतर नतीजे दे सकता है.
ITC Alert : आईटीसी पर ज्यादातर ब्रोकरेज ने घटाया टारगेट प्राइस, शेयर में बड़ी गिरावट
चांदी को लेकर प्रमुख बातें
साल 2025 में चांदी ने 170% से ज्यादा का जबरदस्त रिटर्न दिया. इसकी बड़ी वजह जियो-पॉलिटिकल टेंशन, सप्लाई की कमी और इंडस्ट्रियल डिमांड रही.
चांदी की सप्लाई में करीब 200 मिलियन औंस की स्थायी कमी बनी हुई है, जिससे लंबे समय में कीमतों को मजबूती मिलती है.
चांदी की कुल खपत का 56% से ज्यादा हिस्सा इंडस्ट्रियल इस्तेमाल से आता है, जिसमें सोलर एनर्जी, इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) और इलेक्ट्रिफिकेशन जैसे सेक्टर सबसे आगे हैं.
ETF में निवेश, डॉलर पर निर्भरता कम होना (डी-डॉलराइजेशन) और कम रियल यील्ड मीडियम टर्म में चांदी की कीमतों को सहारा देते रहेंगे.
2026 में चांदी के दामों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, लेकिन गिरावट के दौर लंबी अवधि के निवेश के लिए अच्छे मौके दे सकते हैं.
(Note : यहां जानकारी एक्सपर्ट से बात चीत के आधार पर दी गई है. यह फाइनेंशियल एक्सप्रेस के निजी विचार नहीं हैं. बाजार की स्थितियां बदल सकती हैं. बाजार में जोखिम को देखते हुए निवेश के पहले एक्सपर्ट की सलाह लें.)
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us