/financial-express-hindi/media/media_files/2025/06/05/IxGdM8poMaAwnjMaMDuq.jpg)
Small Cap Funds 2025 Negative Return : 1 साल में निगेटिव रिटर्न, अब स्मॉल कैप फंड्स का क्या करें? (Image : Freepik)
Small Cap Funds 2025 Return : स्मॉल कैप म्यूचुअल फंड्स को हमेशा हाई रिस्क, हाई रिटर्न इनवेस्टमेंट कहा जाता है. मौजूदा साल यानी 2025 में स्मॉल कैप फंड्स के रिटर्न के आंकड़े भी इस राय को सही साबित कर रहे हैं. इस साल स्मॉल कैप फंड्स का कैटेगरी रिटर्न काफी कमजोर रहा है. 2025 में अब तक इस कैटेगरी का एवरेज रिटर्न (Small Cap Funds 2025 YTD Return) माइनस (-) 7.45% और पिछले एक साल का रिटर्न माइनस (-)11.04% रहा है. जबकि इसी दौरान लार्ज कैप फंड्स (Large Cap Funds) कैटेगरी का YTD रिटर्न +6.96% और 1 साल का रिटर्न +2.37% रहा है.
ऐसे में निवेशकों के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि उन्हें स्मॉल कैप फंड्स में किए गए निवेश का क्या करना चाहिए? इस सवाल पर आगे बात करेंगे, लेकिन पहले ये देखते हैं कि स्मॉल कैप फंड्स की कैटेगरी में सबसे बेहतर और सबसे खराब प्रदर्शन करने वाली स्कीम्स का 1 साल का रिटर्न कितना रहा है.
स्मॉल कैप फंड्स का पिछले 1 साल का प्रदर्शन
अलग-अलग स्मॉल कैप फंड्स (Small Cap Funds) के पिछले 1 साल के रिटर्न पर नजर डालें, तो भी तस्वीर काफी निराशाजनक नजर आती है. वैल्यू रिसर्च के पोर्टल पर कुल 43 स्मॉल कैप फंड्स के पिछले 1 साल के रिटर्न के आंकड़े मौजूद हैं, जिनमें सबसे बेहतर रिटर्न ट्रस्ट एमएफ स्मॉल कैप फंड के डायरेक्ट प्लान (TRUST MF Small Cap Fund - Direct Plan) का है और यह भी निगेटिव (-0.28%) ही है. रिटर्न के हिसाब से टॉप 5 स्मॉल कैप फंड्स के रिटर्न को देखने से पता चलेगा कि इस कैटेगरी की स्कीम्स के लिए पिछले 1 साल कितने मुश्किल रहे हैं.
1 साल में सबसे बेहतर रिटर्न देने वाले 5 स्मॉल कैप फंड
फंड का नाम / 1 साल का रिटर्न
1. TRUST MF Small Cap (Direct Plan) : (-) 0.28 %
2. Quantum Small Cap (Direct Plan) : (-) 0.62 %
3. PGIM India Small Cap (Direct Plan) : (-) 3.29 %
4. Sundaram Small Cap (Direct Plan) : (-) 4.22 %
5. ICICI Pru Smallcap (Direct Plan) : (-) 4.64 %
1 साल में सबसे खराब रिटर्न देने वाले स्मॉल कैप फंड
जब कैटेगरी के सबसे बेहतर रिटर्न वाले फंड्स का ये हाल है, तो सोच सकते हैं कि खराब प्रदर्शन वाले फंड्स की क्या हालत होगी. एक साल में सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाले 5 स्मॉल कैप फंड्स के आंकड़े आप यहां देख सकते हैं:
फंड का नाम / 1 साल का रिटर्न
1. Mirae Asset Nifty Smallcap 250 Momentum Quality 100 ETF : (-)19.22 %
2. Mirae Asset Nifty Smallcap 250 Momentum Quality 100 ETF FoF (Direct Plan) : (-)19.20 %
3. DSP Nifty Smallcap250 Quality 50 Index (Direct Plan) : (-)19.14 %
4. Motilal Oswal Nifty Microcap 250 Index (Direct Plan) : (-)16.44 %
5. LIC MF Small Cap (Direct Plan) : -16.22 %
स्मॉल कैप फंड्स का क्या करें
ऊपर दिए आंकड़ों को देखने के बाद बहुत से निवेशकों के मन में यह फिक्र और भी बढ़ गई होगी कि उन्हें स्मॉल कैप फंड्स में निवेश करना चाहिए या नहीं? और जिन लोगों ने पहले से इस कैटेगरी के फंड्स में पैसे लगा रखे होंगे, उनके सामने सवाल ये होगा कि अपने उस निवेश का क्या करें? लेकिन इस बारे में जल्दबाजी में कोई फैसला करने से पहले स्मॉल कैप फंड्स के बारे में यह बात समझना जरूरी है कि इनमें हमेशा लॉन्ग टर्म यानी 7 साल या उससे ज्यादा समय के लिए निवेश करना ही सही होता है. इसलिए सिर्फ 2025 में अब तक के कैटेगरी रिटर्न या अलग-अलग स्कीम्स के 1 साल के रिटर्न के आधार पर अंतिम फैसला करना सही नहीं है. इस बात को और साफ करने के लिए आइए स्मॉल कैप फंड्स के लॉन्ग टर्म रिटर्न पर नजर डालते हैं:
स्मॉल कैप फंड कैटेगरी का लॉन्ग टर्म रिटर्न
3 साल में : 17.94 %
5 साल में : 23.35 %
10 साल में : 16.45 %
(सोर्स - वैल्यू रिसर्च)
अलग-अलग फंड्स का लॉन्ग टर्म रिटर्न
ऊपर दिए आंकड़ों से साफ है कि 1 साल या उससे कम समय में निगेटिव रिटर्न देने वाली स्मॉल कैप फंड कैटेगरी का लॉन्ग टर्म रिटर्न काफी बेहतर रहा है. जाहिर है इस दौरान कैटेगरी के अलग-अलग फंड्स के रिटर्न भी अच्छे रहे हैं. दरअसल किसी भी स्मॉल कैप फंड का रिटर्न 3 साल में 17.34%, 5 साल में 20.21% और 10 साल में 14.24% से कम नहीं रहा है. यहां तक कि ऊपर इस कैटेगरी के जिन सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले 5 फंड्स के आंकड़े हमने दिए हैं, उनमें से एलआईसी स्मॉल कैप फंड (LIC MF Small Cap Fund - Direct Plan) का CAGR भी 3 साल में 15.60%, 5 साल में 24.09% और 7 साल में 19.22% रहा है.
Also read ; IPO : म्यूचुअल फंड कंपनी के आईपीओ में निवेश का मौका, पहले समझ लें 5 पॉजिटिव और 5 निगेटिव फैक्टर्स
लॉन्ग टर्म पर फोकस करना बेहतर
हालांकि पिछले प्रदर्शन के आंकड़े कभी भी आने वाले समय में वैसे ही रिटर्न की गारंटी नहीं दे सकते, लेकिन ऊपर दिए उदाहरणों से यह संकेत जरूर मिलता है कि स्मॉल कैप फंड्स में निवेश करना हो, तो लंबी अवधि के लिए होल्ड करने की तैयारी जरूरी है. हां, यह बात भी जरूर ध्यान में रखनी चाहिए कि स्मॉल कैप फंड्स को लार्ज कैप या मिड कैप जैसे तुलनात्मक रूप से बड़ी कंपनियों में निवेश करने वाले फंड्स या फ्लेक्सी कैप और मल्टी कैप जैसे डायवर्सिफाइड फंड के मुकाबले ज्यादा रिस्की माना जाता है. इसीलिए अपने पोर्टफोलियो में स्मॉल कैप की हिस्सेदारी अपनी रिस्क लेने की क्षमता को ध्यान में रखते हुए ही तय करनी चाहिए. इसलिए अगर आप इन बातों को समझने के बाद स्मॉल कैप में निवेश करते हैं तो शॉर्ट टर्म आंकड़ों से घबराना नहीं चाहिए.
(डिस्क्लेमर : इस आर्टिकल का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, किसी स्कीम में निवेश की सलाह देना नहीं. निवेश का कोई भी फैसला पूरी जानकारी हासिल करने के बाद और सेबी रजिस्टर्ड इनवेस्टमेंट एडवाइजर की सलाह लेकर ही करें.)
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us