/financial-express-hindi/media/media_files/2025/08/26/post-office-ssy-2025-08-26-16-23-40.jpg)
SSY में अधिकतम निवेश पर बेटी को कितने मिलेंगे पैसे, सालाना और मंथली इनवेस्टमेंट के रिटर्न में कितना है अंतर. (AI Generated Image)
Sukanya Samriddhi Account (SSA) or Sukanya Samriddhi Yojana (SSY) Maturity Calculation : बेटियों के भविष्य के लिए निवेश करना हो तो सुकन्या समृद्धि अकाउंट (SSA) या सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) देश की सबसे लोकप्रिय स्कीम है. यह योजना अपने हाई रिटर्न, टैक्स सेविंग और सुरक्षा के लिहाज से देश की सबसे लोकप्रिय स्मॉल सेविंग स्कीम्स में शामिल है. इस योजना के तहत बेटी के जन्म के साथ ही खाता खोला जा सकता है, जिसमें हर साल अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक निवेश किए जा सकते हैं. इस स्कीम की बड़ी खासियत ये है कि पूरा मेच्योरिटी अमाउंट पूरी तरह टैक्स-फ्री होता है.
सुकन्या समृद्धि योजना क्यों है खास?
सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) या सुकन्या समृद्धि अकाउंट (Sukanya Samriddhi Account) एक ही स्कीम के प्रचलित नाम हैं, जो बेटियों के लिए बनाई गई एक सुरक्षित और सरकारी गारंटी वाली स्कीम है. इस पर अभी सालाना 8.2% की दर से ब्याज मिल रहा है, जो पोस्ट ऑफिस की सभी स्मॉल सेविंग स्कीम्स में सबसे ज्यादा है. सरकार इसकी ब्याज दर की हर तिमाही में समीक्षा करती है. मौजूदा दर अक्टूबर–दिसंबर 2025 की तिमाही के लिए लागू है.
अगर बेटी के जन्म के साथ ही खाता खोलें तो अधिकतम 15 साल तक पैसे जमा करने होते हैं और मैच्योरिटी 21 साल में होती है. यानी आखिरी 6 साल के दौरान कोई अतिरिक्त निवेश नहीं होने के बावजूद खाते में जमा पैसे कंपाउंडिंग के कारण बढ़ते रहते हैं.
इस स्कीम में एक साल के दौरान कम से कम 250 रुपये और ज्यादा से ज्यादा 1.50 लाख रुपये जमा किए जा सकते हैं. ये रकम साल में एक बार या कई बार में भी जमा की जा सकती है. यानी अगर अधिकतम पैसे डालने हैं, तो साल में एक बार 1.5 लाख रुपये भी जमा कर सकते हैं या मंथली 12,500 रुपये की किस्तों में भी कर सकते हैं.
सालाना 1.50 लाख रुपये जमा करें तो कितने मिलेंगे पैसे?
अगर बिटिया के जन्म के तुरंत बाद सुकन्या समृद्धि अकाउंट (Sukanya Samriddhi Account) यानी SSA खोलकर उसमें हर साल 1.5 लाख रुपये जमा किए जाएं और ब्याज की मौजूदा दर ही बनी रहे, तो मैच्योरिटी तक मिलने वाले फायदे का कैलकुलेशन कुछ इस प्रकार होगा:
साल की शुरुआत में एक साथ जमा की गई रकम : 1.50 लाख रुपये
15 साल में जमा कुल रकम : 22.5 लाख रुपये
सालाना ब्याज : 8.2%
मैच्योरिटी तक ब्याज से मिली रकम : 49,32,119 रुपये
मैच्योरिटी पर मिलने वाली कुल रकम : 71,82,119 रुपये
यानी 22.5 लाख रुपये के निवेश पर बिटिया को करीब 72 लाख रुपये मिलेंगे, जो उसके भविष्य के लिए मजबूत आधार तैयार कर सकते हैं.
Also read : Fact Check : 21 हजार के निवेश पर 1.5 लाख रुपये देने वाली सरकारी स्कीम ? क्या है इस वायरल दावे का सच
हर महीने निवेश करने पर कितना होगा फायदा?
अगर कोई निवेशक सुकन्या समृद्धि अकाउंट (Sukanya Samriddhi Account) यानी SSA में साल में एक बार 1.5 लाख रुपये डालने की जगह हर महीने 12,500 रुपये जमा करता है (जो सालाना 1.50 लाख के बराबर है), तो कुल निवेश की रकम तो उतनी ही रहेगी, लेकिन ब्याज का कैलकुलेशन थोड़ा बदल जाएगा :
हर महीने जमा की गई रकम : 12,500 रुपये (1 साल में 1.5 लाख रुपये)
15 साल में जमा कुल रकम : 22.5 लाख रुपये
सालाना ब्याज : 8.2%
मैच्योरिटी तक ब्याज से मिली रकम : 46,82,648 रुपये
मैच्योरिटी पर मिलने वाली कुल रकम : 69,32,648 रुपये
यानी सालाना लंपसम निवेश की तुलना में हर महीने पैसे जमा करने पर फाइनल मैच्योरिटी अमाउंट करीब 2.5 लाख रुपये कम रहेगा. इसकी वजह ये है कि साल की शुरुआत में एक साथ पैसे जमा करने पर उस पर पूरे साल ब्याज जुड़ता है, जबकि मंथली निवेश करने पर ऐसा नहीं होता. इसीलिए ब्याज से होने वाली इनकम थोड़ी कम हो जाती है.
Also read : Top 5 Multi Asset Funds : 1, 3 और 5 साल में किसने दिया सबसे ज्यादा रिटर्न? क्या अभी करना चाहिए निवेश
अपनी सुविधा के हिसाब से चुनें विकल्प
सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) साल की शुरुआत में एक साथ निवेश करें या थोड़ा-थोड़ा करके हर महीने, यह निवेशक की सुविधा पर निर्भर करता है. दोनों तरीकों से निवेश करने पर मिलने वाले रिटर्न में थोड़ा अंतर तो है, लेकिन जो लोग एक साथ बड़ी रकम का निवेश नहीं कर सकते, उनके लिए हर महीने पैसे डालने का विकल्प भी बहुत अच्छा है. सबसे बड़ी बात ये है कि SSY के सरकारी स्कीम होने की वजह से आपके पैसे और रिटर्न पूरी तरह से सुरक्षित हैं.
सुकन्या समृद्धि अकाउंट पर टैक्स बेनिफिट
सुकन्या समृद्धि अकाउंट (Sukanya Samriddhi Account) यानी SSA में किए गए निवेश पर इनकम टैक्स के सेक्शन 80C के तहत छूट मिलती है. साथ ही इस पर मिलने वाले ब्याज या मैच्योरिटी अमाउंट पर भी कोई टैक्स नहीं लगता. यानी यह स्कीम EEE (Exempt-Exempt-Exempt) की कैटेगरी में आती है. हालांकि यह छूट सिर्फ ओल्ड टैक्स रिजीम में ही मिलती है.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us