/financial-express-hindi/media/media_files/2025/10/02/investment-growth-charts-desk-freepik-2025-10-02-20-22-52.jpg)
Top 3 Mutual Fund Categories with Highest 10-Year Returns: बेस्ट स्मॉल कैप, मिड कैप और गोल्ड फंड्स का 10 साल का ट्रैक रिकॉर्ड. (Image : Freepik)
Top 3 Mutual Fund Categories with Highest 10-Year Returns : म्यूचुअल फंड्स की अलग-अलग कैटेगरी के पिछले 10 साल के औसत सालाना रिटर्न (CAGR) पर नजर डालें तो स्मॉल कैप और मिड कैप जैसे इक्विटी फंड्स के साथ ही साथ गोल्ड फंड का नाम टॉप 3 में शामिल है. वैसे तो सिर्फ एवरेज रिटर्न के हिसाब से देखने पर टेक्नॉलजी और एनर्जी जैसी थीमैटिक फंड कैटेगरी के नाम भी 10 साल में सबसे ज्यादा मुनाफा देने वालों में आ जाएंगे, लेकिन इन दोनों कैटेगरी में 10 साल पुराने फंड्स की संख्या 5 से भी कम है, लिहाजा हमने इन्हें फिलहाल अपनी लिस्ट से बाहर रखा है.
10 साल में सबसे ज्यादा रिटर्न वाली टॉप 3 फंड कैटेगरी
आइए एक नजर डालते हैं 10 साल में सबसे ज्यादा मुनाफा देने वाली टॉप 3 फंड कैटेगरी और उनके औसत सालाना रिटर्न पर. इनमें दो - स्मॉल कैप (Small Cap Funds) और मिड कैप (Mid Cap Funds), इक्विटी फंड्स की कैटेगरी हैं, जबकि तीसरी कैटेगरी गोल्ड फंड (Gold Fund) को कमोडिटी के दायरे में रखा जाता है. स्मॉल कैप या मिड कैप इक्विटी फंड्स को रिस्कोमीटर पर बहुत अधिक जोखिम (Very High Risk) की रेटिंग दी जाती है, जबकि ज्यादातर गोल्ड फंड्स हाई रिस्क (High Risk) कैटेगरी में आते हैं.
Also read : SBI MF का बच्चों के लिए नंबर 1 प्लान, इस सुपर अचीवर स्कीम ने तमाम हाइब्रिड फंड्स को पीछे छोड़ा
फंड कैटेगरी / 10 साल का औसत रिटर्न (CAGR)
स्मॉल कैप फंड (Small Cap Fund) : 16.42 %
गोल्ड फंड (Gold Fund) : 16.34 %
मिड कैप फंड (Mid Cap Fund) : 16.19 %
ऊपर दिए आंकड़े बताते हैं कि इन तीनों ही फंड कैटेगरी का 10 साल का एवरेज रिटर्न 16% से ऊपर है. इन आंकड़ों से यह भी पता चलता है कि इनके एवरेज रिटर्न में ज्यादा अंतर नहीं है. लेकिन तीनों कैटेगरीज के टॉप 5 फंड्स के परफॉर्मेंस पर नजर डालने पर तस्वीर थोड़ी अलग नजर आती है.
Also read : SBI म्यूचुअल फंड की टॉप 5 स्कीम ने 5 साल में 3 से 4 गुना किए पैसे, लंपसम पर 32% तक रहा CAGR
टॉप 5 स्मॉल कैप फंड्स का 10 साल का प्रदर्शन
स्मॉल कैप फंड्स और गोल्ड फंड्स के कैटेगरी एवरेज में भले ही ज्यादा फर्क न हो, लेकिन टॉप 5 स्मॉल कैप फंड्स के 10 साल के प्रदर्शन के आंकड़ों में यह अंतर कुछ बढ़ा हुआ नजर आएगा.
टॉप 5 स्मॉल कैप फंड / 10 साल का औसत रिटर्न (CAGR)
- Nippon India Small Cap Fund - Direct Plan : 21.02%
- Quant Small Cap Fund - Direct Plan : 20.22 %
- Axis Small Cap Fund - Direct Plan : 19.68 %
- SBI Small Cap Fund - Direct Plan : 19.26 %
- HDFC Small Cap Fund - Direct Plan : 19.22 %
टॉप 5 स्मॉल कैप फंड्स का 10 साल का औसत रिटर्न 19% से 21% रहा है, जो 16.42% के कैटेगरी एवरेज से काफी बेहतर है. जबकि इस कैटेगरी के सबसे कम रिटर्न देने वाले 3 फंड्स का सालान रिटर्न 14 से 16% के बीच है.
टॉप 5 गोल्ड फंड्स का पिछला प्रदर्शन
टॉप 5 गोल्ड फंड्स के पिछले 10 साल के रिटर्न के आंकड़ों और कैटेगरी एवरेज के बीच उतना अंतर नहीं है, जितना टॉप 5 स्मॉल कैप फंड और स्मॉल कैप फंड कैटेगरी में दिखता है. इसकी वजह पर आगे बात करेंगे, लेकिन पहले टॉप 5 गोल्ड फंड्स के आंकड़े देख लेते हैं.
टॉप 5 गोल्ड फंड / 10 साल का औसत रिटर्न (CAGR)
- Invesco India Gold ETF FoF - Direct Plan : 17.13 %
- Aditya Birla Sun Life Gold Fund - Direct Plan : 16.88 %
- LIC MF Gold ETF : 16.87 %
- SBI Gold Fund - Direct Plan : 16.67 %
- Kotak Gold Fund - Direct Plan : 16.64 %
गोल्ड फंड कैटेगरी की 10 साल में सबसे कम मुनाफा देने वाली स्कीम का सालाना रिटर्न भी 16% से ऊपर ही रहा है. गोल्ड फंड्स के रिटर्न में ज्यादा अंतर नहीं होने की वजह ये है कि इनका प्रदर्शन काफी हद तक फिजिकल गोल्ड की कीमतों में होने वाले बदलाव से जुड़ा होता है.
टॉप 5 मिड कैप फंड्स का 10 साल का ट्रैक रिकॉर्ड
टॉप 5 मिड कैप फंड्स का 10 साल का औसत रिटर्न 19% से 21% तक है, जो कैटेगरी के 16.19% के एवरेज रिटर्न से काफी बेहतर है. दरअसल, स्मॉल कैप फंड्स की तरह ही अलग-अलग मिड कैप फंड्स के रिटर्न में भारी अंतर हो सकता है, क्योंकि गोल्ड फंड की तरह इनके रिटर्न किसी एक कमोडिटी से जुड़े नहीं होते, बल्कि पोर्टफोलियो में शामिल स्टॉक्स के मार्केट परफॉर्मेंस पर आधारित होते हैं. यही वजह है कि जहां इस कैटेगरी के टॉप फंड का 10 साल का एवरेज रिटर्न 20.21% है, वहीं इसी दौरान सबसे कम मुनाफा देने वाली स्कीम का CAGR 14.74% रहा है.
टॉप 5 मिड कैप फंड्स / 10 साल का औसत रिटर्न (CAGR)
Invesco India Mid Cap Fund - Direct Plan : 20.21 %
Edelweiss Mid Cap Fund - Direct Plan : 19.83 %
Kotak Mid Cap Fund - Direct Plan : 19.34 %
HDFC Mid Cap Fund - Direct Plan : 19.30 %
Motilal Oswal Mid Cap Fund - Direct Plan : 19.18 %
(सोर्स : AMFI,वैल्यू रिसर्च)
कैसे करें निवेश से जुड़े फैसले
म्यूचुअल फंड में पैसे लगाने वाले निवेशक आम तौर पर रिटर्न के पिछले आंकड़ों को काफी महत्व देते हैं. लेकिन ऐसा करते समय उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि म्यूचुअल फंड्स में पिछला प्रदर्शन आगे भी जारी रहने की कोई गारंटी नहीं होती. साथ ही रिटर्न के अलावा एक्सपेंस रेशियो यानी निवेश पर होने वाले खर्च, रिस्क लेवल, फंड हाउस की मजबूती, निवेश की रणनीति समेत कई और बातों पर भी गौर करना जरूरी है.
(डिस्क्लेमर : इस आर्टिकल का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना है, किसी स्कीम में निवेश की सलाह देना नहीं. निवेश का कोई भी फैसला पूरी जानकारी हासिल करने के बाद और अपने इनवेस्टमेंट एडवाइजर की सलाह लेकर ही करें.)
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us