/financial-express-hindi/media/media_files/2025/12/22/unclaimed-money-deposit-ammount-2025-12-22-11-59-02.jpg)
Unclaimed Amount Alert: सरकारी अभियान का मकसद बैंकों और कंपनियों के पास लावारिस पड़े पैसों को उनके असली हकदारों तक पहुंचाना है. अक्टूबर 2025 में शुरू हुआ यह अभियान इस महिने के अंत तक चलेगा. (Screenshots : X/@IPPBOnline)
Unclaimed Deposits Alert : देश में करोड़ों लोग यह नहीं जानते कि उनका अपना पैसा बैंक, बीमा कंपनियों, म्यूचुअल फंड या शेयरों में बिना दावे के पड़ा हुआ है यानी लावारिस है. ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अलग-अलग वित्तीय संस्थानों के पास करीब 1,04,000 करोड़ रुपये की अनक्लेम्ड रकम मौजूद है. सवाल यह है कि कहीं इस रकम में आपका या आपके परिवार का पैसा तो नहीं? इसी लावारिस पैसों को उनके असल हकदारों को वापस करने के लिए सरकार ने अक्टूबर 2025 से देशभर में एक खास अभियान ‘आपका पैसा, आपका अधिकार’ शुरू किया है.
कहां-कहां पड़ा है 1,04,000 करोड़ लाख करोड़ रुपये?
सरकारी आंकड़ों के अनुसार,
- बैंकों में: करीब 78,000 करोड़ रुपये
- बीमा कंपनियों में: लगभग 14,000 करोड़ रुपये
- म्यूचुअल फंड में: करीब 3,000 करोड़ रुपये
- डिविडेंड और शेयरों में: लगभग 9,000 करोड़ रुपये
यह रकम ऐसे खातों, पॉलिसियों और निवेशों से जुड़ी है, जिन पर लंबे समय से कोई दावा नहीं किया गया.
‘आपका पैसा, आपका अधिकार’ अभियान का मकसद
सरकार का लक्ष्य है कि लावारिस पड़ी वित्तीय संपत्तियों को उनके असली हकदारों तक पहुंचाया जाए. इसके लिए अलग-अलग सेक्टर के लिए अलग पोर्टल तैयार किए गए हैं, ताकि आम लोग घर बैठे अपनी भूली-बिसरी रकम का पता लगा सकें और उसे वापस पा सकें. अक्टूबर 2025 में शुरू हुआ यह अभियान इस महीने के अंत के साथ खत्म हो रहा है. हालांकि आने वाले दिनों में इस अभियान को और विस्तार भी मिलने की उम्मीद है.
Also read : Loan for Farmer : किसानों को सिर्फ 6% ब्याज पर लोन देने की तैयारी, पात्रता समेत हर डिटेल
बैंक में पड़ी रकम के लिए UDGAM पोर्टल
बैंक खातों से जुड़ी अनक्लेम्ड राशि के लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (Reserve Bank of India - RBI) ने UDGAM पोर्टल udgam.rbi.org.in शुरू किया है.
ऐसे करें चेक:
- पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करें
- मोबाइल नंबर, नाम डालकर लॉगिन करें (OTP वेरिफिकेशन)
- खाताधारक का नाम और बैंक का नाम भरें (याद न हो तो ‘All Banks’ चुनें)
- पहचान दस्तावेज (PAN/वोटर ID/ड्राइविंग लाइसेंस/पासपोर्ट) और जन्मतिथि डालें
- अगर कोई निष्क्रिय खाता होगा, तो संभावित राशि दिख जाएगी
- बैंक शाखा में जाकर क्लेम प्रक्रिया पूरी करें
बीमा की रकम के लिए ‘बीमा भरोसा’ पोर्टल
बीमा से जुड़ी अनक्लेम्ड राशि के लिए इंश्योरेंस रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी इरडा (IRDAI) ने ‘बीमा भरोसा’ पोर्टल (bimabharosa.irdai.gov.in) शुरू किया है. यहां स्टेप बाय स्टेप प्रासेस
- Unclaimed Amount टैब चुनें
- पॉलिसीधारक का नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और जरूरी विवरण भरें
- रिकॉर्ड मिलते ही पॉलिसी और रकम की जानकारी दिखेगी
- Claim Now पर क्लिक कर सीधे बीमा कंपनी के क्लेम पेज पर जाएं
- दस्तावेज अपलोड करें
- 15–30 दिन में रकम खाते में आ सकती है
म्यूचुअल फंड की रकम के लिए MITRA पोर्टल
म्यूचुअल फंड की लावारिस रकम खोजने के लिए मार्केट रेगुलेटर सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया यानी सेबी (SEBI) के तहत MITRA पोर्टल उपलब्ध है.
कैसे करें सर्च
- MF Central वेबसाइट पर जाकर MITRA लिंक खोलें
- PAN और OTP से वेरिफिकेशन करें
- पहचान विवरण भरें
- इनएक्टिव फोलियो मिलने पर संबंधित AMC या RTA से संपर्क कर क्लेम पूरा करें
शेयर और डिविडेंड के लिए IEPF पोर्टल
शेयर, बॉन्ड और डिविडेंड की अनक्लेम्ड राशि के लिए कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय का IEPF पोर्टल काम करता है. क्लेम करने के स्टेप्स
- mca.gov.in पर जाकर IEPF सेवाएं चुनें
- PAN से सर्च करें
- IEPF-5 फॉर्म भरें
- दस्तावेज कंपनी के नोडल अधिकारी को भेजें
- 2–4 महीने में रकम/शेयर ट्रांसफर हो जाते हैं
क्लेम के लिए इन डाक्यूमेंट की पड़ सकती है जरूरत
- आधार कार्ड
- पैन कार्ड
- बैंक पासबुक या कैंसिल चेक
- डिमैट अकाउंट विवरण
- पता प्रमाण
- पॉलिसी कॉपी / फोलियो नंबर (यदि हो)
- निवेशक की मृत्यु होने पर मृत्यु प्रमाण पत्र, लीगल हेयर सर्टिफिकेट, NOC आदि
इन पोर्टल पर चेक करना क्यों है जरूरी?
कई बार पुराने खाते, बंद पॉलिसियां, या भूले-बिसरे निवेश परिवार की नजर से छूट जाते हैं. सरकार का यह अभियान लोगों को उनके अपने पैसे से दोबारा जोड़ने की कोशिश है. ऐसे में एक बार इन पोर्टल्स पर अपनी जानकारी जरूर चेक कर लें - हो सकता है लाखों-करोड़ों की इस रकम में आपका हिस्सा भी शामिल हो.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us