/financial-express-hindi/media/media_files/JckwsHT2KwbsopSeEH8X.jpg)
Fact Check: 21 हजार के निवेश पर 1.5 लाख रुपये देने वाली सरकारी स्कीम का दावा पूरी तरह फर्जी (Image : Pixabay)
Viral Video Fact Check : सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो तेजी से फैल रहा है जिसमें दावा किया जा रहा है कि 21 हजार रुपये लगाने पर सरकार लोगों को एक महीने में 1.5 लाख रुपये वापस दे रही है. वीडियो में खुद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस स्कीम को प्रमोट करते हुए दिखाया गया है. लेकिन क्या यह दावा सच है? क्या वाकई ऐसी कोई सरकारी स्कीम चल रही है? आइए जानते हैं इस वायरल वीडियो का सच.
वायरल वीडियो में क्या है दावा
ऑनलाइन शेयर किए जा रहे वायरल वीडियो में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को एक निवेश स्कीम को प्रमोट करते हुए दिखाया गया है. इस वीडियो में दावा किया गया है कि सिर्फ 21 हजार रुपये लगाने वाले निवेशकों को एक महीने में 1.5 लाख रुपये मिल जाएंगे. सुनने में यह ऑफर बेहद आकर्षक लगता है, लेकिन क्या वाकई ऐसा है?
Also read : Top 5 Multi Asset Funds : 1, 3 और 5 साल में किसने दिया सबसे ज्यादा रिटर्न? क्या अभी करना चाहिए निवेश
PIB Fact Check ने बताया वीडियो का सच
PIB Fact Check ने साफ कर दिया है कि यह वीडियो पूरी तरह फर्जी है. यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से एडिट किया गया है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) ने न तो इस स्कीम की घोषणा की है और न ही इसे प्रमोट किया है. सरकारी संस्था प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने सोशल मीडिया (X) पोस्ट के जरिए चेतावनी दी कि ऐसे डॉक्टर्ड वीडियो (Doctored Video) लोगों को गुमराह करने के लिए फैलाए जा रहे हैं.
सिर्फ यही नहीं, इसी तरह का एक और एडिटेड वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दावा किया गया है कि 22 हजार रुपये के निवेश से एक ही दिन में 60 हजार रुपये और एक महीने में 10 लाख रुपये कमाए जा सकते हैं. PIB फैक्टचेक टीम ने इस वीडियो को भी नकली बताया है.
💰 Don’t Get Trapped by Fake Investment Claims❗
— PIB Fact Check (@PIBFactCheck) November 24, 2025
A doctored video of Union Finance Minister @nsitharaman is being shared online, falsely suggesting she is promoting an investment scheme that guarantees ₹1.5 lakh in just one month for an investment of ₹21,000.
🔍 #PIBFactCheck… pic.twitter.com/NFTHlhmiGW
ऐसी स्कीमों के लालच में फंसना खतरनाक
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) भी लोगों को सावधान करता रहा है कि बेहद कम समय में बहुत ज्यादा रिटर्न के ऐसे दावे अक्सर फ्रॉड होते हैं, जिनमें पैसे डूबने का खतरा रहता है. इसलिए किसी भी स्कीम में निवेश से पहले उसके बारे में सारी जानकारी हासिल करना जरूरी है. अगर कोई सरकारी स्कीम से जुड़ा ऐसा दावा सामने आता है, तो उसे हमेशा आधिकारिक वेबसाइट या ऑफिस से कन्फर्म करना चाहिए.
Also read : Mutual Fund Investment Strategy : शेयर बाजार में तेजी के बीच क्या करें निवेशक - SIP, STP या मुनाफा वसूली ?
ऑनलाइन ठगी से कैसे बचें?
आजकल AI और डिजिटल एडिटिंग के जरिए वीडियो को असली जैसा दिखाना बहुत आसान हो गया है. ऐसे में गुमराह करने वाले वायरल वीडियोज (Viral Videos) और सोशल मीडिया पोस्ट्स सतर्क रहना और भी जरूरी हो गया है. किसी भी वायरल वीडियो पर भरोसा करने से पहले उसकी जांच आधिकारिक वेबसाइट या सरकारी चैनलों से जरूर करें. अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और कभी भी अपनी बैंकिंग से जुड़ी या व्यक्तिगत जानकारी अनवेरिफाइड प्लेटफॉर्म पर न डालें. अगर आपको कोई संदेह पैदा करने वाला विज्ञापन, वीडियो या पोस्ट दिखे, तो उसकी शिकायत करें ताकि दूसरे लोग भी धोखाधड़ी से बच सकें.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us