/financial-express-hindi/media/media_files/2025/12/31/warren-buffett-retirement-berkshire-hathaway-ceo-ai-chatgpt-2025-12-31-12-49-05.jpg)
Warren Buffett Retirement : 1 खरब डॉलर से ज्यादा का बिजनेस खड़ा करने वाले वॉरेन बफेट के 6 दशक के सफर की कहानी. (AI Generated Image)
Warren Buffett Retirement : करीब छह दशक तक दुनिया भर के करोड़ों निवेशकों और कॉरपोरेट दुनिया की सोच पर अपनी गहरी छाप छोड़ने के बाद वॉरेन बफेट अब रिटायर होने जा रहे हैं. 31 दिसंबर 2025 को वे बर्कशायर हैथवे के सीईओ का पद छोड़कर यह जिम्मेदारी ग्रेगरी एबेल (Greg Abel) को सौंपेंगे. इसके साथ ही दुनिया के सबसे लोकप्रिय निवेशक का सफर एक नए पड़ाव को पार कर जाएगा. एक ऐसा सफर जिसने एक कमजोर टेक्सटाइल कंपनी को 1 खरब डॉलर से ज्यादा वैल्यू वाले कारोबारी साम्राज्य में बदलने की रोमांचक कहानी रची है. यह सिर्फ एक रिटायरमेंट नहीं, बल्कि आधुनिक निवेश इतिहास के सबसे असरदार चैप्टर पर फिर से नजर डालने का मौका है.
बर्कशायर हैथवे की कहानी
वॉरेन बफेट ने 1960 के दशक में बर्कशायर हैथवे की कमान संभाली थी. उस समय यह न्यू इंग्लैंड की एक संघर्ष कर रही टेक्सटाइल मिल थी. अगले छह दशकों में उन्होंने इसे बीमा, रेलवे, यूटिलिटीज, कंज्यूमर ब्रांड्स और फाइनेंशियल इन्वेस्टमेंट्स तक फैले विशाल साम्राज्य में बदल दिया. आज बर्कशायर अमेरिका की दूसरी सबसे बड़ी प्रॉपर्टी और कैजुअल्टी इंश्योरेंस कंपनी है और करीब 200 ऑपरेटिंग बिजनेस पर इसका कंट्रोल है.
Also read : Debt Funds in 2025: FD से बेहतर रिटर्न देने वाली टॉप 10 डेट फंड कैटेगरी, एक साल में 11% तक हुई कमाई
कितना बढ़ा बिजनेस का दायरा
आज बर्कशायर हैथवे (Berkshire Hathaway) के बिजनेस का दायरा काफी बड़ा हो चुका है. इसके पास बीएनएसएफ रेलवे जैसी नॉर्थ अमेरिका की प्रमुख फ्रेट रेल नेटवर्क कंपनी है. रेगुलेटेड यूटिलिटीज का मजबूत पोर्टफोलियो है और सीज़ कैंडीज़ व ब्रूक्स रनिंग शूज़ जैसे जाने-पहचाने कंज्यूमर ब्रांड्स भी शामिल हैं. इसके अलावा, कंपनी के पास शेयर्स और कैश का ऐसा भंडार है, जिसकी कुल वैल्यू करीब 700 अरब डॉलर आंकी जाती है.
इनवेस्टमेंट फिलॉसफी ने बनाया इतिहास
वॉरेन बफेट की असली पहचान उनकी इनवेस्टमेंट फिलॉसफी से बनी. वह ऐसी कंपनियों में निवेश करते रहे जिनके पास कंपटीशन में लगातार आगे बने रहने की क्षमता (Durable Competitive Advantage) हो, जिसे वे “इकनॉमिक मोट” (Economic Moats) कहते हैं. यही वजह है कि बर्कशायर के पोर्टफोलियो में ऐपल (Apple) का हिस्सा सबसे बड़ा है, जिसकी वैल्यू करीब 65 अरब डॉलर है. इसके अलावा अमेरिकन एक्सप्रेस (American Express), बैंक ऑफ अमेरिका (Bank of America) और कोका-कोला (Coca-Cola) जैसी कंपनियां भी लंबे समय से इसमें शामिल हैं. ये सभी ब्रांड मजबूत नेटवर्क, भरोसे और लगातार मांग के दम पर टिके हुए हैं.
Also read : Silver ETF Returns 2025 : चांदी ने इस साल दिया रिकॉर्ड तोड़ रिटर्न, 2026 में कैसा रहेगा रुझान
शेयर बाजार में बेमिसाल प्रदर्शन
बर्कशायर हैथवे के आंकड़े बताते हैं कि बफेट को क्यों सबसे महान निवेशकों में गिना जाता है. 1964 से 2024 के बीच बर्कशायर के शेयरों ने लगभग 20 प्रतिशत की सालाना कंपाउंडिंग रेट से रिटर्न दिया है. इस दौरान कुल रिटर्न 55 लाख प्रतिशत से भी ज्यादा रहा. वहीं, इस अवधि में एस एंड पी 500 (S&P 500) का औसत रिटर्न लगभग आधा रहा. लंबे समय में इस छोटे अंतर ने भी वेल्थ क्रिएशन में असाधारण योगदान किया है.
धैर्य और अनुशासन की मिसाल
शुरुआती दौर में बफेट सस्ते और अंडरवैल्यूड शेयर खरीदते थे. समय के साथ उनका नजरिया बदला और वह वाजिब कीमत पर बेहतरीन बिजनेस में निवेश करके उन्हें लंबे समय तक होल्ड करने लगे. बार-बार ट्रेडिंग के बजाय धैर्य उनकी रणनीति की पहचान बन गया. आज भी बर्कशायर के पास करीब 400 अरब डॉलर कैश है, जो बताता है कि मौजूदा वैल्यूएशन पर वह निवेश के मौकों को लेकर कितनी सतर्कता बरतते हैं.
रिटायरमेंट के बाद भी बना रहेगा असर
वॉरेन बफेट भले ही सीईओ पद छोड़ रहे हों, लेकिन न सिर्फ बर्कशायर में बल्कि सारी दुनिया के गंभीर निवेशकों के बीच उनका असर बना रहेगा. अनुशासन, लंबी अवधि के नजरिये से किए गए निवेश और समय की ताकत पर भरोसा करना - यही उनकी सबसे बड़ी विरासत है. सिर्फ एक कामयाब निवेशक के तौर पर ही नहीं, बल्कि उससे कहीं आगे बढ़कर, उन्होंने लाखों-करोड़ों लोगों को यह समझाया है कि समझदारी भरे फैसले और लंबे समय तक टिके रहने का धैर्य ही वेल्थ क्रिएशन का असली मंत्र है.
/financial-express-hindi/media/agency_attachments/PJD59wtzyQ2B4fdzFqpn.png)
Follow Us