scorecardresearch

Auqib Nabi Dar : कौन हैं आकिब नबी डार? जिसने IPL 2026 ऑक्शन में वेंकटेश अय्यर को पीछे छोड़ा

Who Is Auqib Nabi Dar : अबू धाबी में चल रहे आईपीएल ऑक्शन में आकिब नबी डार ने 30 लाख के बेस प्राइस से 8.40 करोड़ रुपये तक की छलांग लगाकर सबका ध्यान खींचा और 7 करोड़ में बिके वेंकटेश अय्यर को भी पीछे छोड़ दिया.

Who Is Auqib Nabi Dar : अबू धाबी में चल रहे आईपीएल ऑक्शन में आकिब नबी डार ने 30 लाख के बेस प्राइस से 8.40 करोड़ रुपये तक की छलांग लगाकर सबका ध्यान खींचा और 7 करोड़ में बिके वेंकटेश अय्यर को भी पीछे छोड़ दिया.

author-image
FE Hindi Desk
New Update
Auqib Nabi Dar

अबू धाबी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के साथ चली कड़ी बोली की जंग के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ रुपये की बोली लगाकर आखिरकार आकिब नबी को अपने नाम कर लिया. (Image : Insta/auqib_nabi)

IPL 2026 mini Auction, Who Is Auqib Nabi Dar? आईपीएल ऑक्शन में मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज़ आकिब नबी ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. अबू धाबी में हुए ऑक्शन में उन्होंने 30 लाख रुपये के बेस प्राइस से सीधे 8.40 करोड़ रुपये तक की छलांग लगाकर चौंका दिया. जिस ऑक्शन में कैमरन ग्रीन और वेंकटेश अय्यर जैसे बड़े नाम चर्चा में थे, वहां आकिब नबी भी बाजी मारने वालों में शामिल रहे. वहीं मध्य प्रदेश के वेंकटेश अय्यर को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 7 करोड़ रुपये में खरीदा, लेकिन कीमत और चर्चा दोनों के मामले में वे आकिब नबी से पीछे रह गए.

अबू धाबी में चल रहे मिनी ऑक्शन (IPL Auction) के दौरान दिल्ली कैपिटल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के साथ चली कड़ी बोली की जंग के बाद आकिब नबी को अपने नाम किया. अक्षर पटेल की अगुआई वाली दिल्ली टीम के लिए यह सौदा सिर्फ मौजूदा सीजन नहीं, बल्कि भविष्य को ध्यान में रखकर किया गया बड़ा निवेश माना जा रहा है. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर वह आकिब नबी कौन हैं, जिन्होंने आईपीएल (IPL 2026) ऑक्शन में वेंकटेश अय्यर जैसे खिलाड़ी को भी सुर्खियों में पीछे छोड़ दिया.

Advertisment

Also read : Zepto IPO: आईपीओ के जरिए 4546 करोड़ जुटाने की तैयारी में जेप्टो, सब्सक्रिप्शन के लिए कब खुलेगा इश्यू?

कौन हैं आकिब नबी डार?

4 नवंबर 1996 को जम्मू-कश्मीर के बारामूला में जन्मे आकिब नबी एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं. उनके पिता गुलाम नबी डार सरकारी स्कूल में अंग्रेज़ी के शिक्षक हैं और शुरुआत में चाहते थे कि बेटा डॉक्टर बने. हालांकि, क्रिकेट के प्रति आकिब का जुनून इतना मजबूत था कि धीरे-धीरे परिवार भी उसके साथ खड़ा हो गया. अंडर-19 स्तर तक पहुंचने के बाद उनके पिता ही उनके सबसे बड़े समर्थक बन गए.

दाएं हाथ के मीडियम पेसर आकिब नबी अपनी स्विंग गेंदबाजी और बेहतरीन नियंत्रण के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने अपनी गेंदबाजी शैली दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन से प्रेरित होकर तैयार की है. आकिब पहले भी बता चुके हैं कि स्टेन की आक्रामक आउटस्विंग ने उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित किया, जबकि मौजूदा दौर में वे जसप्रीत बुमराह को हर फॉर्मेट का आदर्श गेंदबाज मानते हैं.

बचपन में बारामूला में क्रिकेट की कोई पुख्ता ट्रेनिंग सुविधा नहीं थी. आकिब ने गली-मोहल्लों में टेनिस बॉल क्रिकेट खेलते हुए शुरुआत की और एक दोस्त के साथ ट्रायल देने गए, जहां उनका चयन हो गया. उन्होंने 19 साल की उम्र के बाद पहली बार रेड-बॉल क्रिकेट खेला, लेकिन इसके बावजूद घरेलू क्रिकेट में बेहद तेजी से अपनी पहचान बना ली.

Also read : MGNREGA : मनरेगा की जगह लेगी नई रोजगार स्कीम? कितने दिन काम की होगी गारंटी और मेहनताना

आकिब नबी ने 2019-20 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर के लिए डेब्यू किया. अब तक 27 टी20 मैचों में वे 28 विकेट ले चुके हैं, उनका औसत 26.39 का रहा है. घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन लगातार मजबूत रहा है. 2024-25 रणजी ट्रॉफी में उन्होंने 44 विकेट लेकर दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज का स्थान हासिल किया. इसके अलावा 2025 दलीप ट्रॉफी में चार गेंदों में चार विकेट लेकर उन्होंने भारतीय फर्स्ट क्लास क्रिकेट में दुर्लभ उपलब्धि अपने नाम की.

हाल ही में 2025-26 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार के खिलाफ ईडन गार्डन्स में उन्होंने 4 विकेट देकर सिर्फ 16 रन खर्च किए और अपनी टीम को 159 रन का लक्ष्य बचाने में अहम भूमिका निभाई. यही निरंतर प्रदर्शन आईपीएल फ्रेंचाइजियों की नजर में आकिब नबी को खास बनाता है.

Also read : New Voter registration : 1 जनवरी तक पूरे हो रहे हैं 18 साल? वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए अभी करें अप्लाई, स्टेप-बाय-स्टेप प्रॉसेस

अब दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने जा रहे आकिब नबी के सामने खुद को सबसे बड़े मंच पर साबित करने का सुनहरा मौका है. गली क्रिकेट से करोड़ों के आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट तक का उनका सफर न सिर्फ प्रेरणादायक है, बल्कि यह भी दिखाता है कि प्रतिभा किसी बड़े संसाधन या शहर की मोहताज नहीं होती.

IPL Auction IPL 2026