/financial-express-hindi/media/media_files/8UMcvV7pYCczsuplDd6E.jpg)
October 2025 Bank Holiday List: अक्टूबर में कब-कब बैंक रहेंगे बंद, यहां चेक करें पूरी लिस्ट. (Image: Express Photo)
October 2025 Bank Holidays Full List: अक्टूबर 2025 की शुरुआत में अब केवल कुछ ही दिन बचे हैं और यह महीना दशहरा, दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पूजा जैसे बड़े त्योहारों से भरा हुआ है. त्योहारों के साथ ही अक्टूबर बैंक छुट्टियों (Bank Holidays) की लंबी सूची भी लेकर आ रहा है. रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने विभिन्न राज्यों के लिए बैंक बंद रहने की तारीखें घोषित की हैं. इस दौरान देशभर के ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने बैंकिंग लेन-देन की योजना पहले से बना लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके. अक्टूबर 2025 में एक राष्ट्रीय अवकाश भी है, जब सभी बैंक बंद रहेंगे. इसके अलावा, स्थानीय त्योहारों के कारण अलग-अलग राज्यों में कई शाखाएं बंद रहेंगी.
इस महीने 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर पूरे भारत के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बैंक बंद रहेंगे. इसके अलावा आयुध पूजा, विजयादशमी, लक्ष्मी पूजा, करवा चौथ, दिवाली, गोवर्धन पूजा, भाईदूज और छठ पूजा जैसे स्थानीय त्योहारों के कारण विभिन्न राज्यों में बैंक अलग-अलग तारीखों पर बंद रहेंगे, वहीं प्राइवेट और सरकारी सभी बैंक हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को नियमित अवकाश मानेंगे, इसलिए ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी बैंकिंग योजना बनाते समय इन छुट्टियों का ध्यान रखें.
अक्टूबर में आपके यहां कब-कब बंद रहेंगे बैंक
यहां अक्टूबर 2025 में महत्वपूर्ण त्योहारों के कारण होने वाले प्रमुख बैंक अवकाश दिए गए हैं. यह सूची RBI द्वारा घोषित विशिष्ट दिनों पर आधारित है:
तारीख | अवसर/त्योहार | प्रभावित राज्य/केंद्र शासित प्रदेश |
1 अक्टूबर 2025 | दशहरा, आयुध पूजा (महा नवमी/विजयदशमी), दुर्गा पूजा | त्रिपुरा, कर्नाटक, ओडिशा, तमिलनाडु, सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, केरल, नागालैंड, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और मेघालय |
2 अक्टूबर 2025 | महात्मा गांधी जयंती | पूरे भारत में राष्ट्रीय अवकाश |
6 अक्टूबर 2025 | लक्ष्मी पूजा | त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल |
7 अक्टूबर 2025 | महर्षि वाल्मीकि जयंती और कुमार पूर्णिमा | कर्नाटक, ओडिशा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश |
10 अक्टूबर 2025 | करवा चौथ | हिमाचल प्रदेश |
20 अक्टूबर 2025 | दिवाली, नरक चतुर्दशी और काली पूजा | त्रिपुरा, गुजरात, मिजोरम, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, चंडीगढ़ (यूटी), तमिलनाडु, उत्तराखंड, असम, तेलंगाना, अरुणाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, केरल, नागालैंड, पश्चिम बंगाल, दिल्ली (एनसीटी), गोवा, छत्तीसगढ़, झारखंड, मेघालय, हिमाचल प्रदेश और आंध्र प्रदेश |
21 अक्टूबर 2025 | दिवाली अमावस्या (लक्ष्मी पूजन), दीपावली और गोवर्धन पूजा | महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम, मणिपुर, जम्मू और श्रीनगर |
22 अक्टूबर 2025 | दिवाली, विक्रम संवंत नए साल का दिन, गोवर्धन पूजा, बलिपद्यमी और लक्ष्मी पूजा | गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तराखंड, सिक्किम, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार |
23 अक्टूबर 2025 | भाईदूज, चित्रगुप्त जयंती, लक्ष्मी पूजा भ्रातृद्वितीया और निंगोल चक्कौबा | गुजरात, सिक्किम, मणिपुर, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश |
27 अक्टूबर 2025 | छठ पूजा (शाम की पूजा) | पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड |
28 अक्टूबर 2025 | छठ पूजा (सुबह की पूजा) | बिहार, झारखंड |
31 अक्टूबर 2025 | सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती | गुजरात |
अच्छी बात यह है कि ऑनलाइन बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और ATM सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी, क्योंकि RBI ने ये छुट्टियां केवल बैंक के फिजिकल कार्यों के लिए घोषित की हैं.
Also read: Gold Cautions: गोल्ड में नहीं थम रही तेजी, ये रैली कहीं बड़ा बुलबुला तो नहीं
बैंक बंद होने पर इन विकल्पों का कर सकते हैं इस्तेमाल
बैंक में कामकाज ठप रहने के दौरान आप UPI, IMPS और नेट बैंकिंग जैसे उपलब्ध डिजिटल पेमेंट विकल्पों के साथ-साथ ऑनलाइन बैंकिंग प्लेटफार्म और मोबाइल ऐप्स का इस्तेमाल अपने खर्चों को पूरा करने के लिए कर सकते हैं. इनमें चेक बुक ऑर्डर, बिल पेमेंट, प्रीपेड फोन रिचार्ज, मनी ट्रांसफर, होटल और ट्रैवल के लिए टिकट बुकिंग जैसे तमाम खर्च शामिल हैं. इनमें से ज्यादातर ट्रांजेक्शन के लिए आपको अपने संबंधित बैंक की वेबसाइट पर अपने नेट बैंकिंग खाते में लॉग इन करना है और एक बार क्लिक करना है. डिजिटल बैंकिंग के जरिए चेक को आसानी से रोका जा सकता है.