/financial-express-hindi/media/media_files/2025/02/24/q0hgxXHPHdW5pOGVqXUd.jpg)
PM Kisan Yojana: अगस्त - नवंबर 2025 पीरियड के लिए सरकार कब किसानों के खाते में पैसे भेजेगी. आइए पिछले 6 सालों के आकड़ों से समझते हैं. (Screengrab/DDNational)
PM Kisan Yojana 21th Installment: पीएम किसान योजना में अब तक देशभर के करोड़ों किसानों को 20 किस्त जारी की जा चुकी है. एक महीने पहले केंद्र सरकार ने देशभर के 9.71 करोड़ से ज्यादा लाभार्थी किसानों के खाते में 20,500 करोड़ रुपये की राशि 20वीं किस्त के रुप में भेजी थी. अब किसानों को अगली किस्त का इंतजार है. अगस्त - नवंबर 2025 पीरियड के लिए सरकार कब किसानों के खाते में पैसे भेजेगी. आइए पिछले 6 सालों के आकड़ों से समझते हैं.
पीएम किसान योजना (PM-KISAN) की शुरुआत फरवरी 2019 में हुई थी और यह अब तक जारी है. इस योजना ने अपने 6 साल पूरे कर लिए हैं. इसका उद्देश्य भूमि रखने वाले किसानों को आर्थिक मदद प्रदान करना है. इसके तहत किसानों के आधार लिंक्ड बैंक खातों में हर साल तीन बराबर किस्तो में कुल 6,000 रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाते हैं.
PM-KISAN योजना की किस्तों का छह सालों का ट्रेंड
पिछले छह सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो पीएम-किसान योजना की किस्तें साल दर साल अगस्त से नवंबर के बीच जारी की गई हैं. ट्रेंड के अनुसार सरकार ने अगस्त-नवंबर पीरियड के लिए दो बार अगस्त, दो बार अक्टूबर और दो बार नवंबर महीने में किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर की है. उदाहरण के लिए, 2024 में 18वीं किस्त 5 अक्टूबर को जारी की गई थी, 2023 में 15वीं किस्त 15 नवंबर को, 2022 में 12वीं किस्त 17 अक्टूबर को, 2021 में 9वीं किस्त और 2020 में 6वीं किस्त 9 अगस्त को जारी की गई थी. योजना के लॉन्चिंग साल 2019 में तीसरी किस्त 1 नवंबर को किसानों के खातों में भेजी गई थी.
पीएम किसान में कब मिली पहली और आखिरी किस्त
किस्त संख्या | तारीख | इनस्टॉलमेंट पीरियड | लाभार्थी किसानों की संख्या | ट्रांसफर रकम (करोड़ में) |
पहली किस्त | 24 फरवरी 2019 | दिसंबर, 2018 - मार्च, 2019 | 3,16,21,382 | 6,324.28 |
दूसरी किस्त | 2 मई 2019 | अप्रैल, 2019 - जुलाई, 2019 | 6,00,34,808 | 13,272.00 |
तीसरी किस्त | 1 नवंबर 2019 | अगस्त, 2019 - नवंबर, 2019 | 7,65,99,962 | 17,526.92 |
चौथी किस्त | 4 अप्रैल 2020 | दिसंबर, 2019 - मार्च, 2020 | 8,20,91,433 | 17,942.95 |
पाचवीं किस्त | 25 जून 2020 | अप्रैल, 2020 - जुलाई, 2020 | 9,26,93,902 | 20,989.46 |
6वीं किस्त | 9 अगस्त 2020 | अगस्त, 2020 - नवंबर, 2020 | 9,72,27,173 | 20,476.24 |
7वीं किस्त | 25 दिसंबर 2020 | दिसंबर, 2020 - मार्च, 2021 | 9,84,75,226 | 20,474.95 |
8वीं किस्त | 14 मई 2021 | अप्रैल, 2021 - जुलाई, 2021 | 9,99,15,224 | 22,415.06 |
9वीं किस्त | 9 अगस्त 2021 | अगस्त, 2021- नवंबर, 2021 | 10,34,45,600 | 22,395.43 |
10वीं किस्त | 1 जनवरी 2022 | दिसंबर, 2021- मार्च, 2022 | 10,41,67,787 | 22,343.30 |
11वीं किस्त | 31 मई 2022 | अप्रैल, 2022 - जुलाई, 2022 | 10,48,43,465 | 22,617.98 |
12वीं किस्त | 17 अक्टूबर 2022 | अगस्त, 2022 - नवंबर, 2022 | 8,57,37,576 | 18,041.35 |
13वीं किस्त | 27 फरवरी 2023 | दिसंबर, 2022 - मार्च, 2023 | 8,12,37,172 | 17,650.07 |
14वीं किस्त | 27 जुलाई 2023 | अप्रैल, 2023 - जुलाई, 2023 | 8,56,78,805 | 19,203.74 |
15वीं किस्त | 15 नवंबर 2023 | अगस्त, 2023 - नवंबर, 2023 | 8,12,16,535 | 19,596.74 |
16वीं किस्त | 28 फरवरी 2024 | दिसंबर, 2023 - मार्च, 2024 | 9,04,30,715 | 23,088.88 |
17वीं किस्त | 18 जून 2024 | अप्रैल, 2024 - जुलाई, 2024 | 9,38,01,342 | 21,056.75 |
18वीं किस्त | 5 अक्टूबर 2024 | अगस्त, 2024 - नवंबर, 2024 | 9,59,26,746 | 20,665.51 |
19वीं किस्त | 24 फरवरी 2025 | दिसंबर, 2024 - मार्च, 2025 | 9,88,42,900 | 22,270.45 |
20वीं किस्त | 2 अगस्त 2025 | अप्रैल, 2025 - जुलाई 2025 | 9,71,41,402 | 20,500 |
21वीं किस्त | अगस्त, 2025 - नवंबर 2025 |
इस बार अगस्त 2025 का महीना बीत चुका है. हालांकि, सरकार ने इस साल 2 अगस्त को पीएम किसान योजना के तहत 2,000 रुपये की किस्त जारी की थी. चालू वित्त वर्ष के अप्रैल-जुलाई 2025 पीरियड के लिए यह आखिरी यानी 20वीं किस्त देरी से जारी की गई थी. उम्मीद है कि सरकार अगली यानी 21वीं किस्त समय पर जारी करेगी.
2 अगस्त को मिली थी आखिरी किस्त
पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त 2 अगस्त 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से जारी की थी. इस किस्त के तहत देशभर के 9.71 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में कुल 20,500 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए. अकेले बिहार में इस किस्त के तहत 75.81 लाख किसानों को लाभ मिला. अब अगली किस्त का इंतजार बिहार के किसानों को भी है. वे चाहेंगे कि दिवाली और छठ पर्व से पहले उन्हें पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त का लाभ मिल जाए.
क्या इस दिन आएगी पीएम किसान में 21वीं किस्त?
बिहार के सभी 38 जिलों में कुल 75.81 लाख से ज्यादा (75,81,009) लाभार्थियों को पीएम किसान योजना का लाभ मिल रहा है. राज्य में अगले कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं और चुनाव आयोग इसकी तैयारियों में जुटा है और 30 सितंबर को बिहार की फाइनल वोटर लिस्ट जारी की जाएगी. इस बीच आयोग की ओर से चुनावी तारीखों का भी ऐलान हो सकता है. चुनावी तारीखों के ऐलान के साथ ही राज्य में आचार संहिता यानी कोड ऑफ कंडक्ट लागू हो जाएगी, जिसके बाद राज्य सरकार किसी नई योजना की घोषणा नहीं कर सकती. ऐसे में पहले से चल रही केंद्र सरकार की महात्वाकांक्षी योजना पीएम किसान के तहत आगामी 21वीं किस्त के पैसे चुनावी तारीखों के पहले किसानों के खातों में भेजे जा सकते हैं.
ध्यान देने वाली बात यह है कि इस साल अक्टूबर-नवंबर 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव होने हैं और दिवाली का पर्व 20 अक्टूबर 2025 को पड़ रहा है. जैसा कि हम जानते हैं, योजना में पहले भी अक्टूबर महीने में दो बार 2,000 रुपये की किस्त किसानों को भेजी जा चुकी है. इस हिसाब से आगामी बिहार चुनाव और दिवाली पर्व को देखते हुए संभावना है कि सरकार आने वाले हफ्तों में किसानों को फिर से 2,000-2,000 रुपये की किस्त भेज सकती है.