scorecardresearch

Gold on New Peak : सोना 400 रुपये बढ़कर 1.06 लाख की नई ऊंचाई पर, 7 सेशन में 5,900 रुपये बढ़ा रेट

Gold Price Today : मंगलवार को सर्राफा बाजार में सोना 400 रुपये की तेजी के साथ 1,06,070 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया. चांदी भी 100 रुपये बढ़कर 1,26,100 रुपये के नए ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई.

Gold Price Today : मंगलवार को सर्राफा बाजार में सोना 400 रुपये की तेजी के साथ 1,06,070 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया. चांदी भी 100 रुपये बढ़कर 1,26,100 रुपये के नए ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई.

author-image
FE Hindi Desk
New Update
Gold Rate Today in India, Gold Rate Today: Gold and silver price jump sharply in India today

Gold Silver Price Today : मंगलवार को सोने और चांदी दोनों में तेजी का रुझान रहा. (AI Generated Image)

Gold Rate Today, Sone Chandi Ka Bhav Aaj Ka : सोने की चमक दिन-ब-दिन और बढ़ती जा रही है. मंगलवार को सर्राफा बाजार में सोना 400 रुपये की तेजी के साथ 1,06,070 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया. लगातार सातवें सेशन में गोल्ड का भाव बढ़ा है और सिर्फ एक हफ्ते में 5,900 रुपये की तेजी आ चुकी है. वहीं, चांदी ने भी 100 रुपये की छलांग लगाई और 1,26,100 रुपये प्रति किलो के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई. सवाल है कि आखिर सोना-चांदी इतनी तेजी से क्यों भाग रहे हैं और निवेशकों के लिए आगे का रुझान कैसा रहने वाला है.

क्यों बढ़ रहा है सोना

सोने की इस तेजी की वजह अमेरिकी टैरिफ को लेकर बढ़ी अनिश्चितता और डॉलर के मुकाबले कमजोर पड़ा रुपया है. ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना सोमवार को 1,05,670 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जो मंगलवार को 400 रुपये बढ़कर 1,06,070 रुपये पर पहुंच गया. इसी तरह 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 400 रुपये उछलकर 1,05,200 रुपये पर पहुंच गया.

Advertisment

ऑग्मोंट की हेड ऑफ रिसर्च, रेनीशा चैनानी ने कहा, “मंगलवार को सोने की कीमतें रिकॉर्ड हाई पर पहुंचीं क्योंकि अमेरिका की कोर्ट ने पिछले हफ्ते व्हाइट हाउस के रेसिप्रोकल टैरिफ को गैरकानूनी करार देने के फैसले को बरकरार रखा है. हालांकि अदालत ने कहा है कि ये टैरिफ अक्टूबर के मध्य तक लागू रहेंगे.” इस फैसले ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई अनिश्चितता पैदा कर दी है, जिससे निवेशक सुरक्षित विकल्प यानी सोना खरीदने की ओर भाग रहे हैं.

Also read : Gold : केंद्रीय बैंकों के पास अमेरिकी ट्रेजरी से ज्यादा गोल्ड, 30 साल में पहली बार बदला ग्लोबल ट्रेंड

चांदी ने भी लगाई छलांग

सोने के साथ-साथ चांदी ने भी रिकॉर्ड तोड़ रफ्तार पकड़ी है. सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक मंगलवार को चांदी 100 रुपये बढ़कर 1,26,100 रुपये प्रति किलो के नए शिखर पर पहुंच गई. पिछले तीन सेशन में चांदी 7,100 रुपये तक उछल चुकी है. साल की शुरुआत से अब तक चांदी 40.58 प्रतिशत बढ़ चुकी है, जबकि सोने में 34.35 प्रतिशत की तेजी आई है.

एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज की कमोडिटी और करेंसी रिसर्च एनालिस्ट, रिया सिंह ने कहा,“चांदी ने अपनी शानदार रैली को जारी रखते हुए 2011 के बाद पहली बार 40 डॉलर प्रति औंस का स्तर पार किया. सोमवार को यह 41.24 डॉलर तक पहुंची और मंगलवार को भी मजबूती बनाए रखी.

Also read : NFO Alert : 21 सेक्टर्स की टॉप कंपनियों में निवेश का मौका, बंधन BSE इंडिया सेक्टर लीडर्स इंडेक्स फंड में और क्या है खास

रुपये की कमजोरी ने बढ़ाई चमक

सोना और चांदी की इस चढ़ाई के पीछे रुपये की कमजोरी भी एक बड़ी वजह है. मंगलवार को रुपया 8 पैसे कमजोर होकर 88.18 प्रति डॉलर के नए ऐतिहासिक स्तर पर बंद हुआ. इंडो-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर अनिश्चितता और घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी ने रुपये पर दबाव डाला है. कमजोर रुपया सोने की कीमतों को और ऊपर धकेलता है क्योंकि सोना बड़े पैमाने पर इंपोर्ट किया जाता है.

अबांस फाइनेंशियल सर्विसेज के सीईओ, चिंतन मेहता ने कहा, “जियो-पोलिटिकल हालात भी फोकस में बने हुए हैं. भारत, रूस और चीन के रिश्तों में मजबूती के संकेत दिख रहे हैं, जिससे अमेरिका का असर और डॉलर कमजोर हो सकता है. यह हालत सोने और चांदी जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों के लिए फायदेमंद रहेगी.”

Also read : High Return, Highest AUM : 1.15 लाख करोड़ के एसेट वाला पराग पारीख फ्लेक्सीकैप फंड कमाई में भी आगे, 10 साल में 5 गुना किए पैसे

ग्लोबल मार्केट का हाल

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना नए रिकॉर्ड स्तरों को छू चुका है. न्यूयॉर्क में स्पॉट गोल्ड मंगलवार को 3,477.41 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा था. दिन के दौरान यह 3,508.54 डॉलर तक पहुंच गया, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है.

एक्सिस सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी), देवैया गगलानी ने बताया, “स्पॉट गोल्ड की कीमतें 3,508 डॉलर प्रति औंस तक पहुंचीं. फेडरल रिजर्व की स्वतंत्रता को लेकर चिंता, ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें और टैरिफ को लेकर अनिश्चितता ने सोने की मांग को और बढ़ाया है.”

हालांकि, चांदी के अंतरराष्ट्रीय दामों में हल्की गिरावट देखी गई. कुछ निवेशकों ने मुनाफावसूली के लिए शॉर्ट टर्म में बिकवाली की, जिसकी वजह से यह 40.29 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही थी.

Also read : ITR Deadline : क्या 3 लाख से कम सैलरी वालों को भी भरना चाहिए इनकम टैक्स रिटर्न, किन हालात में जरूरी है ऐसा करना?

आगे का रुझान क्या कहता है

कमोडिटी एक्सपर्ट्स का मानना है कि सोना और चांदी में अभी और उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. खासकर अमेरिका से आने वाले आर्थिक आंकड़े जैसे जॉब ओपनिंग, नॉन-फार्म पेरोल और फेड की पॉलिसी से बाजार का रुख तय होगा.

एलकेपी सिक्योरिटीज के वीपी रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी और करेंसी), जतिन त्रिवेदी ने कहा,“गोल्ड 3,470–3,500 डॉलर के दायरे में रह सकता है. अगर 3,510 डॉलर के ऊपर निकलता है तो तेजी और बढ़ सकती है. वहीं 3,450 डॉलर का लेवल इसके लिए सपोर्ट रहेगा. एमसीएक्स पर भी अगर गोल्ड 1,05,500 रुपये से ऊपर जाता है तो यह रैली और लंबी हो सकती है.”

Also read : HDFC के 7 वेल्थ क्रिएटर फंड, 10 साल में 1 लाख को बनाया 4 से 6 लाख, SIP पर 21% तक सालाना रिटर्न

कुल मिलाकर सोना और चांदी फिलहाल सुरक्षित निवेश का बड़ा जरिया बने हुए हैं. वैश्विक बाजार की अनिश्चितता, रुपये की कमजोरी और जियो-पोलिटिकल हालात ने सोने-चांदी की चमक को और बढ़ा दिया है. निवेशकों को हालांकि इस दौरान सतर्क रहकर फैसले लेने की जरूरत होगी, क्योंकि मुनाफावसूली का दौर कभी भी शुरू हो सकता है.

Gold Rate Today Silver Rate Today Silver Rate Gold Rate